चिदंबरम की गिरफ्तारी के तरीेके से लोकतंत्र कमजोर हुआ : ममता

कोलकाता, 22 अगस्त (आईएएनएस)| द्रमुक नेता एम.के.स्टालिन के पी. चिदंबरम के समर्थन में आने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा बुधवार की रात गिरफ्तार किए जाने को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला। ममता ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, “प्रक्रिया सही नहीं है। मैं मामले की वैधता के बारे में बात नहीं कर रही हूं। चिदंबरम एक वरिष्ठ नेता हैं। वह देश के पूर्व वित्त व गृहमंत्री रहे हैं। जो तरीका अपनाया गया, वह बेहद निराशाजनक है।”

ममता ने कहा कि लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा, “आज हमें देश में लोकतंत्र के कमजोर होने का एहसास हो रहा है। यह आज और धुंधला हुआ है।”

यह पहली बार नहीं है कि ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार के खिलाफ सवाल उठाए हैं। इसी तरह से उन्होंने नकारात्मक रूप से विद्यासागर सेतु पर भारतीय सेना को तैनात करने को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा था।

मुख्यमंत्री ने मीडिया का भी मखौल उड़ाया। उन्होंने कहा कि मीडिया केंद्र सरकार के लिए प्रोपगंडा मशीनरी का कार्य कर रहा है।

ममता ने कहा, “मीडिया भाजपा के कहे को दोहरा रहा है।”

पूर्व वित्तमंत्री व गृहमंत्री चिदंबरम को बुधवार की रात सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किया गया है। वह आईएनएक्स मीडिया को प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के लिए एफआईपीबी की मंजूरी देने के आरोपी हैं।