चित्रकूट को सपा, बसपा, कांग्रेस ने दस्यु भूमि बनाया : योगी

 चित्रकूट, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां मंगलवार को कहा कि चित्रकूट की पावन धरती को सपा, बसपा और कांग्रेस ने दस्यु भूमि बना दिया।

  योगी यहां मानिकपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मऊ कस्बे में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, “सपा, बसपा और कांग्रेस के शासनकाल में विकास के पैसों पर डकैती डाली जाती थी, इसे लूटा गया। उन्हीं की सत्ता के दौरान यह पवित्र भूमि से दस्यु भूमि बना था। अब ऐसा करने वालों पर कार्रवाई हो रही है। चित्रकूट अब पूरी तरह दस्यु मुक्त हो गया है।”

मुख्यमंत्री योगी ने कहा, “चित्रकूट में अब रोजगार मिलेगा और पर्यटन बढ़ेगा। अब यहां युवा पलायन नहीं करेंगे, बल्कि डिफेंस कॉरिडोर में फाइटर प्लेन बनने पर बुंदेले दुश्मन देशों के छक्के भी छुड़ाएंगे। फाइटर प्लेन सीमा की रक्षा करेगा, जिसपर चित्रकूट लिखा रहेगा। डिफेंस कॉरिडोर से देश सेवा के साथ युवा माता-पिता की सेवा भी करेंगे।”

उन्होंने कहा, “देश व प्रदेश के लिए कांग्रेस एक समस्या है। यह समाज को विभाजित करने वाली पार्टी है। यही सपा, बसपा ने किया। राजनीति में जातिवाद व परिवारवाद का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। 55 वर्षों तक कांग्रेस और 15 साल तक सपा-बसपा के शासन करने वालों से जनता पूछे कि अच्छे कार्य क्यों नहीं किए। सपा, बसपा जाति में फंसे रहे और एक परिवार विकास की धनराशि हड़पता रहा। भाजपा राज में यही नहीं हो पाएगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “70 वर्षों से अनुच्छेद 370 को ढो रहे थे। बाबा साहब भीमराव आंबेडकर व जनसंघ संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की बात कांग्रेसियों ने नहीं मानी, इसलिए आज कांग्रेस का हश्र सबके सामने है। प्रधानमंत्री मोदी व गृहमंत्री अमित शाह का अभिनंदन होना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि “निराश्रित गोवंश स्थल के लिए आश्रय केंद्र बना रहे हैं। प्रत्येक किसान को नौ सौ रुपये देंगे और अन्ना प्रथा समाप्त होगी। किसान की फसल को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और गो संवर्धन व संरक्षण करेंगे।”

योगी ने कहा, “चित्रकूट भगवान राम की धरती है। देश-दुनिया का कामदगिरि चित्रकूट के प्रति श्रद्धाभाव है। इसलिए यहां का विकास रामायण सर्किट, डिफेंस कॉरिडोर, स्वदेश दर्शन के रूप में मोदी लगातार कर रहे हैं।”