चिंचवड़ में किशोर की निर्मम हत्या

पिम्परी: पुणे समाचार
पिम्परी चिंचवड़ की उद्योगनगरी में हत्या की वारदात से सनसनी फैल गई है। वारदात चिंचवड़ के पूर्णानगर इलाके की है, जिसमें वेदांत जयवंत भोसले नामक 15 वर्षीय किशोर की गला रेत कर हत्या कर दी गई। बीती रात डेढ़ बजे के करीब यह वारदात पूर्णानगर में हुई है।

वेदांत यमुनानगर के माता अमृता विद्यालय की 10वीं कक्षा में पढ़ रहा था। बीती रात अपनी सहपाठी को पढ़ाई के बाद वह उसके घर छोड़ने गया था। तब वापसी में हमलावरो ने घात लगा कर उसपर हमला कर दिया। गले पर घातक हथियार से वार किए जाने से उसकी मौत हो गई। निगड़ी पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की छानबीन शुरु कर दी है। वारदात के पीछे प्रेम प्रकरण वजह रहने का अंदेशा लगाया जा रहा है। बहरहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।

तीन दिन पहले थेरगांव में वर्चस्व की लड़ाई में एक युवक की निर्मम हत्या के बाद बीते दिन कॉलेज में ही मामूली विवाद में एक छात्र पर जानलेवा हमला किये जाने की घटना घटी है। आज और एक छात्र की इस तरह से निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। लगातार हो रही ऐसी वारदातों से पिम्परी चिंचवड़ में ख़ौफ व्याप्त है।