चिंचवड़गांव में फायरिंग की घटना से मची खलबली

दो गुटों में विवाद के दौरान हुई वारदात; एक घायल

पुणे। पुणे समाचार
बीच राह में की गई पार्किंग के विवाद में दो गुटों के बीच टकराव हुआ, मारपीट के दौरान हुई फायरिंग में जयवंत चितलकर नामक व्यक्ति घायल हो गया है। उसे चिंचवड़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिंचवड़ के वाल्हेकरवाडी में बीती रास्त डेढ़ बजे के करीब यह वारदात हुई है। गोली किसने चलाई? विवाद की असली वजह क्या है? इस बारे में चिंचवड़ पुलिस की छानबीन जारी है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, चितलकर देर रात चिंचवड़ गांव को वाल्हेकरवाडी से गुजर रहा था। यहां एक मेडिकल स्टोर के सामने 7 से 8 युवक बैठे थे। एक ने अपनी दोपहिया बीच मे ही पार्क की थी। इस बारे में पूछने पर चितलकर का उन युवकों के साथ विवाद हुआ। हांलाकि तब वह वहां से निकल गया मगर थोड़ी देर बाद अपने साथियों के साथ वापस आया। इसके बाद दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान हुई फायरिंग में चितलकर घायल हो गया। गोली उसकी बाजू में लगी है, उसका चिंचवड़ के निजी अस्पताल में इलाज जारी है। चिंचवड़ पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बहरहाल घायल चितलकर के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत 4 मामले दर्ज रहने की जानकारी सामने आई है।