चंद्रशेखर राव की हुजूरनगर क्षेत्र की रैली रद्द

हैदराबाद, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)| तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की हुजूरनगर विधानसभा क्षेत्र में निर्धारित चुनावी रैली गुरुवार को रद्द कर दी गई। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और हुजूरनगर में तूफान के साथ भारी बारिश को देखते हुए बैठक रद्द कर दी गई है।

हैदराबाद से उड़ान भरने के लिए मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर को विमानन अधिकारियों ने मंजूरी नहीं दी।

यह 21 अक्टूबर को होने वाले उप-चुनाव के लिए सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के लिए एक झटका है। पार्टी के कार्यकर्ता इस चुनावी क्षेत्र में टीआरएस प्रमुख की पहली रैली की प्रतीक्षा कर रहे थे।

राज्य के स्वामित्व वाले तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीएसआरटीसी) के कर्मचारियों द्वारा जारी हड़ताल के मद्देनजर भी इस रैली को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा था। इस हड़ताल को सभी राजनीतिक दलों ने अपना समर्थन दिया है।

किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने रैली स्थल पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की थी।

रैली रद्द होने के बाद यह अभी स्पष्ट नहीं है कि मुख्यमंत्री चुनावी अभियान करेंगे या नहीं।

हाल ही के चुनावों में नलगोंडा निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के चुनाव के बाद विधानसभा से

राज्य कांग्रेस प्रमुख उत्तम कुमार रेड्डी ने नलगोंडा क्षेत्र से लोकसभा का चुनाव लड़ने के लिए हाल ही में इस विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया था। इसलिए अब यहां उप-चुनाव कराए जाने हैं।

उप-चुनाव में रेड्डी की पत्नी और कांग्रेस उम्मीदवार पद्मावती रेड्डी और टीआरएस की उम्मीदवार सईदी रेड्डी के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना है।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), ने पहले टीआरएस को अपना समर्थन देने की घोषणा की थी। मगर सरकार के रुख से नाराज टीएसआरटीसी कर्मचारियों द्वारा हड़ताल पर जाने के बाद दो दिन पहले ही भाकपा ने अपना फैसला वापस ले लिया है।