गोल्फ : पैनासोनिक ओपन के दूसरे राउंड में शिव कपूर को बढ़त

गुरुग्राम, 16 नवंबर (आईएएनएस)| भारत के शिव कूपर ने शनिवार को पैनासोनिक ओपन के दूसरे दौर का अंत पहले स्थान पर रहते हुए किया है। बीते सप्ताह थाईलैंड में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले शिव ने यहां पांच अंडर 67 का स्कोर किया। यह लगातार दूसरी बार है जब शिव ने यह स्कोर हासिल किया हो। शिव का दो राउंड के बाद कुल स्कोर 10 अंडर है और वह आस्ट्रेलिया के एडम ब्लयथ और टैरी पिलकाडारिस के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर बने हुए हैं। एडम ने पहले दिन तो 71 का स्कोर किया था लेकिन दूसरे दिन 63 का कार्ड खेल वह आगे निकल गए। वहीं टैरी ने पहले दिन 66 और दूसरे दिन 68 का स्कोर किया।

टूर्नामेंट में दूसरे दिन खेल देरी से शुरू हुआ था जिसकी भरपाई आज की गई और इसी कारण इस टूर्नामेंट को 54 होल तक यानी तीन राउंड तक सीमित कर दिया गया है। टूर्नामेंट का कट वन अंडर पर रखा गया है जिसे कुल 67 खिलाड़ियों ने पार कर लिया है। इनमें से 30 खिलाड़ी भारतीय हैं।

दिन का खेल खत्म होने के बाद शिव ने कहा, “उस सीजन ने मुझे ताजा मौका दिया था लेकिन मेरा 2018 का सीजन अच्छा नहीं रहा था। 2019 भी मेरे लिए पिछले सप्ताह तक अच्छा नहीं था। मैं आज वाकई में अच्छा खेला। परिस्थतियां मुश्किल थीं गुरुवार को जो स्थिति थी आज हालत उससे अलग थी। मैंने गेंद पर अच्छे से नियंत्रण किया।”

बांग्लादेश के सिद्दीकुर रहमान कुल 136 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर हैं। यहां उनके साथ हुंग चेन याओ हैं।

भारत के राशिद खान, एस. चिक्कारंगप्पा, विक्रांत चोपड़ा संयुक्त रूप से छठे स्थान पर हैं। इस सभी का कुल स्कोर 137 है।