गोल्फ : केएलएम ओपन में शुभांकर, गगनजीत ने हासिल किया कट

एम्सटरडैम (नीदरलैंडस), 14 सितम्बर (आईएएनएस)| भारत के पुरुष गोल्फ खिलाड़ी शुभांकर शर्मा और गगनजीत भुल्लर ने यहां जारी केएलएम ओपन के दूसरे दिन शनिवार को कट हासिल कर लिया है। दो दिन के बाद शुभांकर का स्कोर छह अंडर 138 है। वह नौ स्थान की छलांग के साथ संयुक्त रूप से 17वें स्थान पर आ गए हैं। वहीं गगनजीत भुल्लर ने भी दूसरे दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 स्थान की छलांग लगाई। गगनजीत दूसरे दिन के बाद संयुक्त रूप से 46वें स्थान पर आ गए हैं।

शुभांकर ने पांचवें और छठे होल पर दो बर्डी लगाईं। दिन का अंत शुभांकर ने कुल पांच बर्डी के साथ किया। उनके हिस्से हालांकि नौवें होल पर एक बोगी भी आई। शुभांकर ने दिन का अंत चार अंडर 68 के स्कोर के साथ किया।

पहले दिन का अंत 65वें स्थान पर रहते हुए करने वाले गगनजीत को हालांकि शुरुआत अच्छी नहीं मिली थी। वह दूसरे होल पर ही बोगी खेल बैठे थे। पांचवें होल पर बर्डी खेल उन्होंने इसकी भरपाई की, लेकिन छठे होल पर बोगी के कारण वह फिर नुकसान में चले गए।

मध्यांतर के बाद गगनजीत ने बेहतर खेल दिखाया और 11वें, 12वें तथा 13वें होल पर लगातार तीन बर्डी खेलीं। 14वें होल पर उनके हिस्से फिर बर्डी आई। दिन का अंत उन्होंने तीन अंडर 69 के स्कोर के साथ किया।

पहले स्थान पर स्कॉटलैंड के स्कॉट जैमिसन आ गए हैं। उन्होंने दूसरे दिन बिना बोगी खेले दिन का अंत सात अंडर 65 के साथ किया। दो दिन के बाद उनका कुल स्कोर 11 अंडर 133 है।

केएलएम ओपन का प्रसारण डीस्पोटर्स पर किया जा रहा है।