क्षेत्रीय आकांक्षाएं पूरी नहीं होगी तो भारत प्रगति नहीं कर सकेगा : मोदी

चेन्नई, 6 मार्च (आईएएनएस)| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि अगर क्षेत्रीय आकांक्षाएं पूरी नहीं होगी तो एक विविधतापूर्ण भारत प्रगति नहीं कर सकेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यह केवल भाजपा-नीत राजग गठबंधन ही कर सकती है। यहां भाजपा के गठबंधन साथियों के साथ एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर डॉ. एम.जी.आर. रेलवे स्टेशन करने की भी घोषणा की।

 उन्होंने कहा कि तमिलनाडु से आने जाने वाले उड़ानों में घोषणा तमिल में की जाएगी।

मोदी ने कहा, “भारत एक विविधतापूर्ण देश है। जब तक क्षेत्रीय आकांक्षाएं पूरी नहीं होगी तबतक भारत प्रगति नहीं कर सकता।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इसका गठबंधन कभी भी क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा नहीं कर सकते क्योंकि इसमें ‘हाई कमांड’ की संस्कृति है जो गांधी परिवार के प्रति समर्पित है।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने मजबूत क्षेत्रीय नेताओं का अपमान किया और इस बाबत तमिलनाडु के दिवंगत मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता के. कामराज का उदाहरण दिया।

मोदी के अनुसार, कामराज का अपराध बस इतना था कि उन्होंने लोगों के लिए बोला और इसके लिए कांग्रेस ने उनका अपमान किया।

उन्होंने कहा, “अगर कोई पार्टी है जिसने लगातार अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग किया, वह कांग्रेस है। अगर राजवंश को नेता पसंद नहीं आते हैं, तो सरकार को बर्खास्त कर दिया जाता है।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कई बार अनुच्छेद 356 लगाया। दिवंगत प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अकेले ही 50 राज्य सरकारों को बर्खास्त किया।

मोदी ने कहा, “लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई एमजीआर की सरकार को राजनीतिक विभेद के चलते आपातकाल लगाने वालों ने बर्खास्त कर दिया। क्षेत्रीय आकांक्षाओं के लिए द्रमुक को भी कांग्रेस की नफरत का कोपभाजन बनना पड़ा। द्रमुक के लिए, अवसरवादिता मूल्यों पर हावी रही।”