कैलाश चौधरी ने किसानों से जैविक खेती बढ़ाने की अपील की

 फिरोजपुर (पंजाब), 16 फरवरी (आईएएनएस)| केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने रविवार को यहां किसानों से जैविक खेती बढ़ाने की अपील की।

  उन्होंने किसानों से कहा कि जैविक खेती से उनकी लागत कम होगी और आय बढ़ेगी। इसके अलावा, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी। कैलाश चौधरी पंजाब के एक दिवसीय दौरे पर फिरोजपुर के कोटड़ा स्थित एक जैविक कृषि फार्म पहुंचे थे। उन्होंने जैविक खेती से जुड़े किसानों को सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

इस मौके पर उन्होंने जैविक खेती जुड़े किसान परिवारों से बातचीत की और शाहीवाल नस्ल की देसी गाय के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कैलाश चौधरी ने राज्य सरकार के अधिकारियों से किसानों को हर संभव मदद देने को कहा और राज्य में जैविक कृषि को बढ़ावा देने में केंद्र सरकार की ओर से सहायता देने का आश्वासन दिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के कल्याण से जुड़ी योजनाएं उन्हें समय पर मिल जानी चाहिए। उन्होंने कहा, “किसानों के लिए सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं का लाभ अगर उनको समय पर मिले तो सरकार 2022 तक उनकी आय दोगुनी करने के लक्ष्य को हासिल करने में सक्षम हो पाएगी।”

कैलाश चौधरी ने इस दौरान फिरोजपुर में आयोजित 10वें जट्ट एक्सपो कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान कृषि में अभिनव एवं उत्कृष्ट प्रयोग करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया।