कांग्रेस महासचिव प्रियंका का 2 दिवसीय लखनऊ दौरा

लखनऊ , 6 दिसम्बर (आईएएनएस)| कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को दो दिन के दौरे पर लखनऊ आ रही हैं। इस दौरान वह प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर विभिन्न प्रकोष्ठों और विभागों के काम-काज पर चर्चा करेंगी। वह 14 दिसम्बर को दिल्ली में प्रस्तावित भारत बचाओ रैली की तैयारियों का भी जायजा लेंगी। प्रियंका गांधी वाड्रा के कार्यक्रम के अनुसार, शुक्रवार को वह 11 बजे पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंच जाएंगी। इसके बाद पूर्वाह्न 11़15 बजे से दोपहर दो और फिर शाम चार से आठ बजे तक पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। शनिवार को भी दिन में 11 से दो और फिर शाम चार से सात बजे तक बैठक होगी। भारत बचाओ रैली इन बैठकों का मुख्य मुद्दा है, जो 14 दिसंबर को नई दिल्ली में होगा। हर जिले से अधिक से अधिक भीड़ कैसे जुटाई जाए, इस पर वह पदाधिकारियों के साथ बात करेंगी।

चूंकि शीर्ष नेतृत्व में शामिल किसी भी नेता की तुलना में सबसे बड़े राज्य की कमान बतौर प्रभारी प्रियंका के पास है, इसलिए दिल्ली की रैली में उप्र का दम भी उन्हें दिखाना है। प्रदेश के हर मुद्दे पर वह सोशल मीडिया के माध्यम से ट्वीट कर रही हैं। सरकार को घेरने का प्रयास लगातार चल रहा है। इसके अलावा अटकलें हैं कि बैठकों के बीच में ही प्रियंका मैनपुरी की मृत छात्रा के परिवार को मुख्यालय में बुलवाकर मुलाकात कर सकती हैं, क्योंकि उन्हीं के पत्र के बाद इस प्रकरण में कार्रवाई शुरू हुई।