कराची में मस्जिद में डकैती, नमाजियों को लूटा

 कराची, 10 नवंबर (आईएएनएस)| पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची में डकैतों ने एक मस्जिद पर धावा बोलकर नमाजियों को लूट लिया।

 पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, शहर की धौराजी कॉलोनी की मस्जिद में शनिवार को यह वारदात हुई जहां हथियारों से लैस दो डकैतों ने नमाजियों को भी नहीं बख्शा।

दोनों डकैत जूते उतारकर मस्जिद के वजूखाने पहुंचे। इनमें से एक ने हेलमेट पहन रखी थी और एक का चेहरा खुला हुआ था। दोनों ने नमाज से पहले वजू कर रहे लोगों से हथियार के बल पर मोबाइल व नकदी लूट लिए। घटना पर नमाजी इस हद तक हतप्रभ रह गए कि वे तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दे सके। जब तक वे संयत हो पाते, दोनों डकैत उन्हें लूट कर जा चुके थे।

पाकिस्तान में अपराधों के लिए कराची सर्वाधिक कुख्यात है। यहां सशस्त्र डकैतों के गिरोहों का आतंक इस हद तक रहता है कि इनसे निपटने के लिए पुलिस के बजाए अर्धसैनिक बलों को भी अभियान चलाना पड़ चुका है।