कनाडा के होटल में कार्बन मोनोऑक्साइड रिसाव, 46 लोग अस्पताल में भर्ती

ओटावा, 10 जुलाई (आईएएनएस)| कनाडा के एक होटल में संदिग्ध कार्बन मोनोऑक्साइड के रिसाव के बाद 46 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें 15 की हालत गंभीर है। मंगलवार को स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, विनिपेग शहर के प्रशासन ने ट्वीट के जरिए जानकारी दी कि विनिपेग फायर पैरामेडिक सर्विस के कर्मचारियों ने करीब सुबह 10 बजे (स्थानीय समय) अलार्म पर प्रतिक्रिया दी और पूरे इमारत में कई स्तरों पर कार्बन मोनोऑक्साइड होने का पता लगाया, जो 385 पार्ट्स प्रति मिलियन तक था।

अधिकारियों के बयान का हवाला देते हुए सीबीसी न्यूज ने सूचना दी कि करीब 46 लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें 15 की हालत गंभीर है। वहीं 5 लोगों की हालत अस्थिर है, जबकि 26 की हालत स्थिर है।