ओडिशा में 10 सालों में दुष्कर्म के 17,528 मामले : मंत्री

 भुवनेश्वर, 15 जुलाई (आईएएनएस)| ओडिशा में बीते 10 सालों में दुष्कर्म के 17,528 व हत्या के 13,246 मामले सामने आए हैं।

 एक मंत्री ने सोमवार को यह जानकारी दी।

गृह राज्य मंत्री दिब्य शंकर मिश्रा ने विधानसभा में कांग्रेस विधायक नरसिंह मिश्रा के लिखित सवाल पर जवाब देते हुए यह सूचना दी।

मिश्रा ने कहा कि 2010 से 2019 (मई तक ) दुष्कर्म के 17,528 मामले व हत्या के 13,246 मामले सूचित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इस साल मई तक दुष्कर्म के 937 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि 2018 में दुष्कर्म के 2,502 व साल 2017 में 2,221 मामले दर्ज किए गए।

पुलिस ने इस साल मई तक हत्या के 563 मामले दर्ज किए हैं। साल 2018 में यह आंकड़ा 1,278 था।

मंत्री ने सूचित किया कि मई 2019 तक कुल 45,628 सं™ोय अपराध दर्ज किए।

पुलिस ने 2010 से 2019 तक दंगों से जुड़े 18,524 मामले दर्ज किए।

इस बीच ओडिशा विधानसभा में सोमवार को राज्य में कानून व व्यवस्था की समस्या को लेकर हंगामा होता रहा। कांग्रेस व भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में बढ़ते अपराधों को लेकर विधानसभा में हंगामा किया।