ओडिशा पहुंचा दक्षिण-पश्चिम मानसून, कई क्षेत्रों में बारिश

भुवनेश्वर, 21 जून (आईएएनएस)| चिलचिलाती गर्मी से राहत देते हुए दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आखिरकार शुक्रवार को ओडिशा के तट पर दस्तक दी, जिसके बाद से राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश शुरू हो गई। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के वरिष्ठ वैज्ञानिक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि मानसून अगले तीन दिनों में ओडिशा में आगे बढ़ेगा।

भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक का पदभार 1 अगस्त को संभालने जा रहे महापात्रा ने कहा कि पूरे राज्य में अगले 72 घंटों में बारिश का अनुभव किया जा सकेगा।

उन्होंने यह भी भविष्यवाणी की कि बौध, गजपति, गंजाम, कालाहांडी और कंधमाल जैसे जिलों में शुक्रवार से बारिश शुरू हो सकती हैं।

भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक, एच.आर. विश्वास ने कहा कि शुक्रवार को मानसून ओडिशा में प्रवेश कर चुका है और 16 जिलों को इसने कवर किया है, जिनमें सभी 11 तटीय जिले और पांच आंतरिक जिले शामिल हैं।

बाकी के जिलों में अगले 48 से 72 घंटों में इसके पहुंचने की संभावना है।