एसपीजी संशोधन विधेयक अगले हफ्ते के एजेंडे में

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)| संसद के चल रहे शीतकालीन सत्र में स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) संशोधक विधेयक और दो अन्य विधेयकों को अगले हफ्ते लोकसभा में पेश करना सरकार के एजेंडे में शामिल है। यह बात संसदीय कार्य राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शुक्रवार को शून्यकाल के बाद कही।

25 नवंबर को शुरू होने वाले सप्ताह के लिए सरकारी कामकाज के बारे में बताते हुए मेघवाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण विधेयक, जहाजों का पुनर्चक्रण विधेयक और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली (अनधिकृत कालोनियों में निवासियों के संपत्ति के अधिकार की मान्यता) विधेयक सदन में लाए जाएंगे।

मंत्री ने कहा कि अन्य बिलों में औद्योगिक संबंध संहिता विधेयक और एसपीजी (संशोधन) अधिनियम विधेयक, 2019 शामिल हैं।

केंद्र सरकार गांधी परिवार के एसपीजी कवर को वापस ले चुकी है, इसलिए एसपीजी विधेयक हाल के घटनाक्रमों के मद्देनजर बेहद महत्वपूर्ण है। गांधी परिवार में सोनिया गांधी, उनके बेटे राहुल गांधी और उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा को पूर्व प्रधनमंत्री राजीव गांधी की हत्या के बाद से एसपीजी सुरक्षा कवर प्राप्त था। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी एसपीजी की सुरक्षा दी गई थी, लेकिन सुरक्षा समीक्षा के बाद सभी से एसपीजी की सुरक्षा वापस ले ली गई।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा जेड प्लस सुरक्षा कवर प्रदान किया गया है, वहीं सरकार के आदेश के अनुसार, गांधी परिवार को भी इसी ग्रेड के तहत सुरक्षा कवर बहुत जल्द प्रदान किया जाएगा।

सरकार के इस कदम की कांग्रेस के नेताओं ने आलोचना की है।

गांधी परिवार से एसपीजी सुरक्षा कवच इस महीने की शुरुआत में वापस लिया गया था। जबकि अगस्त महीने में मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर का सुरक्षा कवर छीना गया था।