एयर इंडिया का ट्विटर अकाउंट हैक, हैकर्स ने तुर्की में लिखा- आज की सारी फ्लाइट्स कैंसल

मुंबई : पुणेसमाचार
एयर इंडिया का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट गुरुवार सुबह कुछ घंटों के लिए हैक हो गया। एयरलाइंस स्पोक्सपर्सन के मुताबिक, हैकर्स ने ट्विटर पर तुर्की की भाषा में कई मैसेजेस पोस्ट किए। हालांकि, अब अकाउंट से सभी तरह के विवादित पोस्ट्स हटा लिए गए हैं और इसे सुरक्षित कर लिया गया है।

हैकर्स ने किए कई विवादित ट्वीट्स
– जानकारी के मुताबिक, हैकिंग के पीछे तुर्की की साइबर आर्मी अईलदीज्त ग्रुप का हाथ है। इस ग्रुप पर पहले भी कई लोगों के ट्विटर अकाउंट हैक करने के आरोप लगते रहे हैं।
– हैकर्स ने एयर इंडिया के ट्विटर अकाउंट से विवादित ट्वीट करने के साथ उसका नाम भी बदल दिया था, जिसके चलते उसके हैंडल से वेरीफाइड का नीले रंग का मार्क भी हट गया था।

क्या ट्वीट किए?
– हैकर्स ने गलत जानकारी फैलाने के मकसद से लिखा, “एक जरूरी सूचना, हमारी सारी फ्लाइट्स कैंसल कर दी गई हैं। अब से हम तुर्की की एयरलाइंस के साथ उड़ेंगे।”

पहले भी हैकिंग को अंजाम दे चुके हैं तुर्की के हैकर्स
– बता दें कि तुर्की के हैकर्स इससे पहले भी भारत के कुछ सिलेब्रिटीज और नेताओं के आधिकारिक ट्विटर हैंडल हैक कर चुके हैं। बीते महीने बीजेपी महसचिव राम माधव और एक्टर अनुपम खेर के ट्विटर अकाउंट्स हैक हुए थे। हैकर्स ने दोनों के अकाउंट्स पर तुर्की भाषा में मैसेज के साथ ‘आई लव पाकिस्तान’ पोस्ट किया था।
– इसके अलावा पुडुचेरी की राज्यपाल किरन बेदी, इकोनॉमिस्ट कौशिक बासु और स्वपन दासगुप्ता के अकाउंट भी तुर्की के हैकर्स ने ही हैक किए थे। इनके अकाउंट से कई लोगों को लिंक के डायरेक्ट मैसेज किए गए थे।
– वहीं, जनवरी में यूएन में भारत के पर्मानेंट रिप्रेजेंटेटिव सैयद अकबरूद्दीन का ट्विटर अकाउंट हो गया था। हैकर्स ने अकाउंट पर पाकिस्तान के झंडे और राष्ट्रपति ममनून हुसैन की फोटोज पोस्ट की थीं।