एम्स से घर लाया गया जेटली का पार्थिव शरीर

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)| पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली का पार्थिव शरीर शनिवार को निधन के बाद उनके आवास लाया गया।

सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद जेटली को नौ अगस्त को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। यहां से दक्षिणी दिल्ली में कैलाश कॉलोनी स्थित उनके आवास में उनके पार्थिव शरीर को लाया गया।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी, हरदीप सिंह पुरी, जितेंद्र सिंह, अनुराग ठाकुर, राज्यवर्धन सिंह राठौर, मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी उन नेताओं में से थे, जो अरुण जेटली के निधन की खबर सुनकर तुरंत एम्स पहुंचे।

केंद्रीय मंत्री हर्ष वर्धन शनिवार सुबह से ही अस्पताल में थे। गीता लूथरा उन वरिष्ठ वकीलों में से थी, जो अस्पताल में मौजूद थी।

पार्टी के सूत्रों ने कहा कि जेटली का अंतिम संस्कार रविवार को निगम बोध घाट में किया जाएगा।

पार्टी के अधिकारी ने कहा, “रविवार सुबह 10 बजे जेटली जी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए भाजपा मुख्यालय में रखा जाएगा। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार निगम बोध घाट में होगा।”