उप्र के देवबंद में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या

 सहारनपुर, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के देवबंद में मंगलवार को बाइक सवार बदमाशों ने भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष चौधरी यशपाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी।

 अतरिक्त पुलिस अधीक्षक विद्यासगार मिश्रा ने बताया कि “देवबंद विधानसभा के गांव मिरगपुर के प्रधान शिवकुमार के बड़े भाई यशपाल सिंह भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं। वह मंगलवार को मानकी रोड पर जा रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। हमले में यशपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।”

उन्होंने बताया, “हत्या में पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। सात लोगों को नामजद किया गया है। बदमाशों की तलाश के लिए यहां उत्तराखंड पुलिस व मुजफ्फरनगर पुलिस की मदद ली जा रही है। इसके साथ ही बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई थानों की फोर्स जंगलों में कांबिंग के लिए लगाई गई है।”

स्थानीय लोगों ने बताया कि चौधरी यशपाल सिंह पूर्व में किसान मोर्चा सहित भाजपा में कई पदों पर आसीन रहे हैं। इससे पहले वह किसानों के लिए लड़ाई लड़ चुके थे। क्षेत्र में उनकी छवि किसान नेता के रूप में मानी जाती थी।