उत्तर प्रदेश में ठंड बढ़ने के आसार

लखनऊ , 20 नवम्बर (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश की राजधानी व आस-पास के इलाकों में सुबह से धूप खिली हुई है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद क्षेत्र में ठंड बढ़ने के आसार हैं। बुधवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू और कश्मीर के पास आ गया है, और इस कारण पहाड़ी इलाकों में बारिश होने की संभावना है, जिससे मैदानी क्षेत्रों में ठंड और अधिक बढ़ेगी। पूवरेत्तर राज्यों में चक्रवर्ती तूफानी हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे प्रदेश में रात के दौरान तापमान में गिरावट आएगी।

बुधवार को आगरा का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 13 डिग्री सेल्सियस, बहराइच का 12 डिग्री सेल्सियस, मेरठ का 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मंगलवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।