आईपीकेएल : पांडिचेरी की शानदार वापसी, हरियाणा को हराया

 पुणे, 15 मई (आईएएनएस)| पांडिचेरी प्रेडिएटर्स ने बुधवार को इंडो-इंटरनेशनल प्रीमियर कबड्डी (आईपीकेएल) के पहले सीजन में जीत का खाता खोला।

  उसने बालेवाड़ी स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेले गए ग्रुप मुकाबले में हरियाणा हीरोज को 52-28 से परास्त किया।

पांडिचेरी को पहले मैच में बेंगलोर राइनोज से हार का सामना करना पड़ा था। हरियाणा की यह लगातार दूसरी हार है। टीम को पहले मैच में पुणे प्राइड के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

जोन-ए के इस मैच में पहले क्वार्टर के आधे समय तक दोनों टीमें 5-5 से बराबरी पर थीं। यहां पांडिचेरी ने सुपर टैकल हासिल कर अपनी बढ़त को 8-5 कर दिया।

पांडिचेरी ने इसके बाद कई मौकों पर अंक जुटाकर पहले क्वार्टर की समाप्ति तक अपने स्कोर को 12-6 कर दिया।

पांडिचेरी ने दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही हरियाणा को ऑलआउट कर 16-6 की बढ़त ले ली। रेडर अंकित ने यहां फिर से पांडिचेरी को आगे करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। उन्होंने दो बोनस अंक भी टीम को दिलाए, जिससे टीम 19-6 से आगे हो गई।

दूसरा क्वार्टर समाप्त होने में चार मिनट का समय बचा था और पांडिचेरी 27-7 के विशाल अंतर से आगे चल रही थी। इस दौरान हरियाणा ने सुपर रेड के जरिए एक अंक लेकर अपने स्कोर को 10-28 किया, लेकिन पांडिचेरी ने दो अंक और लेकर दूसरा क्वार्टर भी 30-10 से अपने पक्ष में कर लिया। पांडिचेरी ने इस क्वार्टर में 18 अंक हासिल किया जबकि हरियाणा मात्र चार अंक ही जुटा पाई।

मैच का तीसरा क्वार्टर शुरू होते ही हरियाणा दो अंक लेने में सफल रहा और फिर रेडर सतनाम सिंह के तीन अंकों की मदद से उसने अपने स्कोर को 15-31 पर ला दिया। हरियाणा ने इस बार पांडिचेरी को ऑलआउट कर तीन अंक जुटा लिए, जिससे उसका स्कोर 18-32 हो गया।

इस बीच पांडिचेरी ने भी अंक लेने के अपने सिलसिले को कायम रखते हुए स्कोर को 36-20 तक पहुंचा दिया। आखिरी सेकेंडों में आर. सुरेश कुमार के सफल रेड के जरिये पांडिचेरी ने एक अंक लेकर तीसरा क्वार्टर 38-23 से अपने कब्जे में किया। वैसे देखा जाए तो तीसरा क्वार्टर हरियाणा के पक्ष में रहा, जहां उसने 13 अंक हासिल किए। वहीं, पांडिचेरी की टीम इस क्वार्टर में आठ अंक ही ले पाई।

चौथे और अंतिम क्वार्टर में हरियाणा के मोहित जाखड़ ने दो अंक लेकर टीम के स्कोर को 25-38 पर पहुंचाया। लेकिन, पांडिचेरी भी धीरे-धीरे अंक जुटाती रही मैच समाप्त होने से चार मिनट पहले तक वह 44-26 से आगे थी।

पांडिचेरी ने इसके बाद हरियाणा को ऑलआउट कर अपनी बढ़त को 50-27 तक पहुंचा दिया और फिर उसने 52-28 से मुकाबला जीत लिया। अंतिम क्वार्टर में पांडिचेरी ने 14 जबकि हरियाणा ने पांच अंक लिए।