आंध्र : जगन ने चंद्रबाबू की प्रजा वेदिका को गिराने का आदेश दिया

अमरावती, 24 जून (आईएएनएस)| आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई.एस. जगनमोहन रेड्डी ने सोमवार को प्रजा वेदिका को गिराने का आदेश जारी किया। प्रजा वेदिका उनके पूर्ववर्ती एन. चंद्रबाबू नायडू के अंदावल्ली स्थित आवास का विस्तार है।

जनग ने उसी परिसर में जिला कलेक्टरों का सम्मेलन बुलाकर अपने निर्णय की घोषणा की।

यह बताते हुए कि प्रजा वेदिका तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा नियमों का उल्लंघन करते हुए बनाई गई संरचना है, जनग रेड्डी ने घोषणा की कि उनकी सरकार का अवैध ढांचों के खिलाफ अभियान इस ढांचे के विध्वंस के साथ शुरू होगा।

जगन रेड्डी ने कहा, “यह यहां हो रही आखरी बैठक है।” रेड्डी की सरकार ने शनिवार को ही प्रजा वेदिका पर अधिकार प्राप्त किया। इससे पहले यहां नायडू रह रहे थे, वह वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष हैं।

नाटकीय घटनाक्रम ऐसे समय में आया जब मुख्य विपक्षी तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष नायडू अपने परिवार के साथ विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं।

जगन रेड्डी के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए टीडीपी ने इसे प्रतिशोध की राजनीति करार दिया। पार्टी ने कहा कि ढांचे का निर्माण तत्कालीन सरकार ने पूरे नियम और कानून के साथ करवाया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने यह आदेश इसलिए दिया क्योंकि वह हमारे नेताओं को इसका इस्तेमाल नहीं करने देना चाहते हैं।

नायडू ने 4 जून को मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखकर कहा था कि उन्हें प्रजा वेदिका का इस्तेमाल करने की इजाजत दी जाए, ताकि वह इसका इस्तेमाल बैठकों के लिए कर सके।