अमेरिकी शहर में प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगा

सैन फ्रांसिस्को, 16 सितंबर (आईएएनएस)| अमेरिकी प्रांत अलास्का के एंकरेज शहर ने प्लास्टिक के बैग पर कड़ा प्रतिबंध लगा दिया है। शहर की आधिकारिक वेबसाइट पर हुई घोषणा के अनुसार, प्रतिबंधित बैग्स में बायोडिग्रेडेबल बैग भी शामिल हैं। यह प्रतिबंध शहर के लगभग सभी रिटेल स्टोर्स और उन रेस्टोरेंट्स पर भी लागू हो गया है जो खाना भेजने के लिए सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग करते हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, एंकरेज म्यूनिसिपेलिटी द्वारा रविवार को जारी निर्देशों में कहा गया कि बायोडिग्रेडेबल या कंपोस्टेबल बैग्स के व्यावसायिक उपयोग पर भी प्रतिबंध लगाया गया है, क्योंकि ये हमारे वातावरण में सही से बायोडिग्रेड नहीं हो पाते हैं

इस कदम से व्यापारियों और ग्राहकों को खरीदारी के लिए दोबारा प्रयोग किए जाने योग्य बैग उपलब्ध कराने या घर से ही ऐसे बैग लाने होंगे। दुकानों पर सिर्फ पेपर बैग या उसका वैकल्पिक बैग ही कम से कम 10 अमेरिकी सेंट पर उपलब्ध किया जा सकेगा।

प्रतिबंध के अंतर्गत, इसका पहली बार उल्लंघन करने वाले रिटेलर्स को चेतावनी दी जाएगी, और दूसरी बार प्रतिबंध तोड़ने पर 250 डॉलर का जुर्माना लगाया जाएगा। तीसरी बार या इसके बाद भी प्रतिबंध तोड़ने पर हर बार 500 डॉलर का जुर्माना लगाया जाएगा।

प्रतिबंध में कुछ मामलों में छूट दी गई है, जिनमें उत्पादन, सब्जियों, बेकरी के सामान, मीट, मछली या फ्रोजन फूड्स में प्लास्टिक का उपयोग किया जा सकता है।

एंकरेज की सदस्य सभा ने इसके लिए 28 अगस्त 2018 को वोट दिया था और यह इसी साल एक मार्च से प्रभावी होने वाला था। लेकिन कुछ व्यापारियों द्वारा प्लास्टिक के बैगों के बड़ी संख्या में जमा होने का हवाला देने के बाद इसे 15 सितंबर तक के लिए टाल दिया गया था।