अब मुंबई में होगा कैंसर अस्पताल

मुंबई :पुणे समाचार

शिया इस्लामिक मुस्लिम समुदाय के इमाम और आगा खान डिवलपमेंट नेटवर्क के संस्थापक अध्यक्ष प्रिंस आगा खान ने आश्वासन दिया है कि उनकी संस्था मुंबई में एक बड़ा कैंसर का अस्पताल शुरू करेंगी। उस कैंसर अस्पताल में खासकर बच्चों का उपचार किया जाएगा। अस्पताल में विश्व की अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध होगी।

मुंबई प्रवास के दौरान प्रिंस आगा खान ने राज्यपाल सी. विद्य्रासागर राव और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से अलग-अलग मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने आगा खान डिवेलपमेंट नेटवर्क की ओर से लागू की गई विभिन्न सामाजिक कार्यों की की जानकारी दी।

मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आगा खान डिवेलपमेंट नेटवर्क के माध्यम से महाराष्ट्र में प्रस्तावित सभी उपक्रमों को पूरा सहयोग दिया जाएगा। आगा खान डिवेलपमेंट नेटवर्क और द आगा खान हेल्थ सर्विसेस मुंबई में छोटे बच्चों को होने वाले कैंसर और अन्य बीमारियों का अस्पताल शुरू करेगा। इस अस्पताल में विश्व की सभी अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध होगी। राज्य में संस्था वन पर्यटन क्षेत्र में भी काम कर रही है, जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा और गांवों का विकास होगा।

आगा खान ने कहा कि महाराष्ट्र और मुंबई से उनका विशेष और अटूट नाता रहा है। महाराष्ट्र से मिले अथाह प्रेम के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री व जनता का आभार माना है । होटल ताजमहल पैलेस में हुई मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री के साथ पर्यटन मंत्री जयकुमार रावल, विधायक अमीन पटेल, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव प्रवीण परदेशी, राजशिष्टाचार विभाग के प्रधान सचिव राजगोपाल देवरा व अन्य लोग भी थे।