अदालत ने नहीं सुनी फरियाद, तो कोर्ट परिसर में किया आत्मदाह का प्रयास

पिंपरी: बच्ची से न मिल पाने से दुखी पिता ने मोरवाडी स्थित न्यायालय में अपने ऊपर रॉकेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मंगलवार दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास घटी इस घटना से कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर में अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया। जानकारी के अनुसार,  अरविंद बबन कसबे और उसकी पत्नी का तलाक का मामला अदालत में चल रहा है। पत्नी अरविंद को उसकी बेटी से मिलने नहीं देती थी। इस संबंध में अरविंद ने कोर्ट और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो उसने दुखी होकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।

अलग रहती है पत्नी

अरविंद  की शादी 2013 में हुई थी। कुछ साल बाद उसके यहां एक बेटी ने जन्म लिया, लेकिन उसकी वो उसे पिता का प्यार नहीं दे सका। अरविंद की पत्नी चाहती थी कि वो अपने माता-पिता से अलग रहे, जब अरविंद ने इससे इंकार किया तो वो मायके चली गई। इतना ही नहीं उसने अरविंद को बेटी से मिलने देने से भी इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने तलाक के लिए अर्जी लगाई।

लोगों ने बुझाई आग

अरविंद मंगलवार को सुनवाई के लिए अदालत पहुंचा था और वहीं उसने खुद पर रॉकेल छिड़ककर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि आसपास खड़े लोगों ने तुरंत आग बुझाकर उसे बचा लिया। पिंपरी पुलिस ने फ़िलहाल अरविंद को हिरासत में लिया है।