अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गूगल कुछ इस तरह कर रहा महिलाओं को सलाम

नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर गूगल देश और दुनिया की करोड़ों महिलाओं को सलाम कर रहा है। इस मौके पर गूगल ने एक विशेष डूडल तैयार किया है। इस डूडल में गूगल ने अलग-अलग कहानियों के कुल 12 डूडल्स बनाएं हैं।

गूगल ने इसके लिए दुनियाभर के 12 आर्टिस्ट्स की 12 ऐसी कहानियों को पेश किया है जो एक महिला के रूप में उनके अनुभवों को बताती हैं। इन कहानियों में दुनिया की इन 12 महिला आर्टिस्ट्स ने वो कहानियां बयां की हैं जिन्होंने किसी ना किसी तरह उनकी जिंदगी पर असर डाला है।

इन स्टोरीज को गूगल ने कुल 80 भाषाओं में ट्रांसलेट कर पेश किया है। इतना ही नहीं, गूगल दुनियाभर की महिलाओं को भी अपनी कहानी उसके साथ बांटने के लिए प्रेरित कर रहा है। इसके लिए महिलाओं को #HerStoryOurStory के साथ अपनी कहानी शेयर करनी होगी।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पूरी दुनिया में आठ मार्च को मनाया जाता है। इस दिन का उदेश्य विभिन्न क्षेत्रों से महिलाओं को सम्मानित किया जाता है। वर्ष 1975 में पहले बार संयुक्त राष्ट्र ने आठ मार्च महिला दिवस घोषित किया था। जानकारी के लिए बता दें कि इस दिन महिलाओं के लिए पर्पल रंग का इस्तेमाल किया जाता है। कुछ लोग पर्पल रंग का रिबन पहनकर इस दिन को मनाते हैं।