अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन

पुणेः मध्य रेल्वे, पुणे मंडल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन करने जा रहा है, जिसमें पुणे से लोनावला के बीच प्रात 09.55 बजे चलनेवाली लोकल में पुणे मंडल की महिला गार्ड  तथा महिला टिकट निरीक्षक तैनात रहेंगी। इसके अलावा पुणे से रवाना होनेवाली डेक्कन क्वीन में भी महिला टिकट निरीक्षक मौजूद रहेगी जबकि मुंबई से रवाना होनेवाली डेक्कन क्वीन में लोको पायलट, गार्ड तथा टिकट निरीक्षक के रुप में महिला कर्मचारी कार्यरत रहेंगी। पुणे स्टेशन आगमन पर सभी महिला कर्मचारियों का सत्कार किया जाएगा। इसके अलावा दिनांक 8 मार्च को मुंबई से चलनेवाली कोयना एक्सप्रेस तथा पुणे से मुंबई की ओर चलनेवाली डेक्कन एक्सप्रेस में महिला टिकट निरीक्षक तैनात रहेंगी।

पुणे स्थित डीजल लोको शेड मे पूरी तरह सिर्फ महिला कर्मचारियों द्वारा, मंडल यांत्रिक इंजीनियर अंशुप्रिया के नेतृत्व में 1 ज्युनियर इंजीनियर,10 टेक्निशिय़न,7 हेल्पर की टीम द्वारा पुणे- पटना एक्सप्रेस में लगनेवाले इंजन का शेड्युल मेन्टेनेन्स किया जाएगा। इसी तरह घोरपडी कोचिंग कॉम्प्लेक्स मे एक कोच का (IOH)  इंटरमिडिएट ओवरहॉलिंग शेड्युल भी पुरी तरह महिला कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा।

इसके अलावा खेलकूद, कला संस्कृति तथा अन्य क्षेत्रो में उल्लेखनीय सेवाएं देनेवाली महिला कर्मचारियों का सम्मान मंडल रेल प्रबंधक मिलिन्द देऊस्कर तथा महिला समाज सेवा समिति की अध्यक्षा सीमा देऊस्कर द्वारा किया जाएगा।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में दो महिला प्रसाधन गृहों में महिला समाज सेवा समिति द्वारा सैनिटरी पैड इंसिनेरेटर मशीन भी लगायी जाएगी जिसमें उपयोग हो चुके सैनिटरी पैड को डालकर उसे विशेष प्रक्रिया से जलाकर नष्ट किया जा सकेगा।