नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की गोलाबारी, 3 की मौत

जम्मू, 2 मार्च (आईएएनएस)| जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई गोलाबारी में तीन नागरिकों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि एलओसी के पास के कृष्णाघाटी सेक्टर में झलास इलाके के सलोत्री गांव में पाकिस्तानी सेना द्वारा दागा गया गोला शुक्रवार रात एक घर के अंदर फट गया जिसमें एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “इसके अलावा, पाकिस्तानी गोलाबारी और गोलीबारी में दो नागरिकों और सेना के दो सैनिकों सहित चार घायल हो गए हैं।”

भारतीय और पाकिस्तानी सैनिक पिछले आठ दिनों से पुंछ और राजौरी जिलों में नियंत्रण रेखा पर भारी गोलाबारी कर रहे हैं।

स्थानीय निवासियों ने नियंत्रण रेखा पर ‘युद्ध जैसी स्थिति’ बताया है।

प्रशासन ने इन दोनों जिलों में नियंत्रण रेखा से 5 किलोमीटर के भीतर के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया है और लोगों को घर के अंदर रहने के लिए कहा है।