निलंबित पुलिस अधिकारी की पत्नी ने की आत्मदाह की कोशिश

पुणे : समाचार ऑनलाईन – पुलिस के शिकायत दर्ज करने से मना किए जाने से नाराज होकर निलंबित सहायक पुलिस निरीक्षक की पत्नी द्वारा थाने में ही आत्मदाह करने की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस ने समय पर दखलंदाजी करते हुए महिला को रोक दिया मगर गुरुवार की सुबह साढ़े नौ बजे घटी इस घटना से पुणे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। प्रेरणा दत्तात्रय मदने ऐसा आत्मदाह की कोशिश करनेवाली महिला का नाम है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस महिला के पति सहायक पुलिस निरीक्षक है जो फिलहाल सस्पेंड हैं। तीन अप्रैल को उन्होंने हड़पसर पुलिस में राहुल वेताल नामक पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत दी थी। उनका आरोप है कि उसने उनके साथ जबर्दस्ती करने की कोशिश की। हड़पसर पुलिस ने शिकायत नहीं ली न इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही उल्टे मामला रफा-दफा करने को लेकर दबाव बना रही है।
वेताल और उसके रिश्तेदार उन्हें जान से मारने और उन्हें व उनके पति को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। इसके बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। इससे परेशान होकर प्रेरणा आज सुबह हड़पसर थाने पहुंची। यहां उन्होंने अपने साथ लाये केरोसिन को अपने ऊपर उंडेल लिया और खुद को जलाने की कोशिश की। हालांकि वहां मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने समयसूचकता दिखाते हुए उन्हें ऐसा करने से रोक लिया। इससे बड़ी घटना टल गई।