पुणे में छिपा अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद का गुर्गा गिरफ्तार

पुणे : समाचार ऑनलाईन – कुख्यात अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की डी कंपनी एक शातिर अपराधी को पुणे पुलिस की विश्रांतवाडी थाने की टीम ने गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के हवाले किया। संतोष गोपाल नायर (45) नामक यह आरोपी गत पांच-छह साल से पुणे के टिंगरेनगर में छिपकर रह रहा था। 2004 में डकैती के प्रयास के एक मामले में वह फरार था और मुंबई पुलिस उसे खोज रही थी। बहरहाल डी कंपनी के गुर्गे को गिरफ्तार किए जाने से पुणे शहर में खलबली मच गई है।
संतोष नायर के खिलाफ दहिसर पुलिस थाने में हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, मारपीट, फिरौती जैसे 40 से भी अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2004 में डकैती के प्रयास के एक मामले में वह फरार था और मुंबई पुलिस उसे खोज रही थी। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को उसके पुणे में छिपे रहने की जानकारी मिली थी। मुंबई पुलिस ने विश्रांतवाडी पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके अनुसार पुलिस उपनिरीक्षक विशाल मोहिते व कॉन्स्टेबल संजय कांबले की टीम ने उसकी जानकारी जुटाई और वॉच रखकर गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई से फरार होने के बाद संतोष नायर गत पांच- छह साल से पुणे के टिंगरेनगर में छिपकर रह रहा था। गुजर बसर के लिए उसने विमाननगर इलाके में एक मेस भी शुरू की थी। अपनी पहचान छिपाने और पुलिस की नजर में न आने के लिए वह मोबाइल फोन तक इस्तेमाल नहीं करता था और न ही ज्यादा लोगों से मिलता-जुलता था। जरूरत के हिसाब से वह अपनी पत्नी का मोबाइल फोन इस्तेमाल करता था। आखिरकार वह मुंबई पुलिस के दायरे में आ ही गया। विश्रांतवाडी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मुंबई क्राइम ब्रांच के हवाले किया है।