राष्ट्रवादी कांग्रेस नगरसेविका के पुत्र की खुदकुशी

पिंपरी। संवाददाता – पढ़ाई के तनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नगरसेविका के 14 वर्षीय पुत्र द्वारा फांसी लगाकर खुदकुशी किए जाने का मामला सामने आया है। 7 मार्च को घटी इस घटना के बाद पुणे के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था, जहां गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया। कौशिक धर (14) निवासी थेरगांव, चिंचवड, पुणे ऐसा खुदकुशी करने वाले किशोर का नाम है। उसकी मां सुलक्षणा धर पिंपरी चिंचवड मनपा में राष्ट्रवादी कांग्रेस की नगरसेविका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नौंवी कक्षा में पढ़ने वाले कौशिक ने 7 मार्च की शाम अपने बेडरूम में फांसी लगा ली। उसके घरवालों को जैसे ही इसके बारे में पता चला उन्होंने उसे तुरंत चिंचवड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद इसे पुणे के निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां आज दोपहर इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसकी इस तरह से अचानक मौत से पूरा परिवार सदमे में है। कल (शुक्रवार) सुबह 11 बजे पिंपरी नेहरूनगर श्मशान भूमि में उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा, ऐसा परिवार के करीबियों ने बताया। बहरहाल कौशिक ने खुदकुशी जैसा कदम क्यों उठाया? इसकी निश्चित जानकारी नहीं मिल सकी। मगर माना जा रहा है कि पढ़ाई के तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया होगा।