राजनाथ सिंह और महेश शर्मा की बदलेंगी सीटें! 

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन –  चुनाव आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव 2019 की तारीखों का ऐलान के बाद से सभी राजनीतिक दलों में गहमागहमी शुरू हो गई है। वहीं टिकट बंटवारे से लेकर चेहरे बदलने की रणनीति पर तेजी से काम चल रहा है। पहले चरण के चुनाव के लिए विपक्षी दलों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, लेकिन भाजपा अभी उम्मीदवारों के चयन प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटी है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा इस बार कई दिग्गज चेहरों का सीट बदल सकती है इनमें गृह मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा के नाम भी शामिल हैं। राजनाथ सिंह को इस बार गौतमबुद्ध नगर सीट से उम्मीदवार बनाया जा सकता है। बता दें कि राजनाथ सिंह ने 2014 का लोकसभा चुनाव लखनऊ से लड़ा था। लखनऊ में राजनाथ सिंह ने कांग्रेस की रीता बहुगुणा जोशी को हराया था। इस चुनाव में राजनाथ को 5,61,106 वोट और जोशी को 2,88,357 वोट मिले थे। जबकि गौतमबुद्ध नगर के मौजूदा सांसद महेश शर्मा को इस बार उनके गृह जनपद अलवर से टिकट दिया जा सकता है। बताया जा रहा है कि गौतमबुद्ध नगर के ग्रामीण इलाकों में शर्मा के खिलाफ लोगों की नाराजगी है। भाजपा की गुरुवार को संसदीय बोर्ड की बैठक होने वाली है जिसमें पहले चरण के चुनाव के लिए उम्मीदवारों के टिकट पर अंतिम फैसला भी हो सकता है।

कयास लगाए जा रहे है कि भाजपा पहले चरण के लिए 16 या 17 मार्च को यूपी की 20 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है। सपा-बसपा गठबंधन के बाद बदले चुनावी समीकरण को ध्यान में रखते हुए भाजपा यूपी के 23 सासंदों की सीटों में फेरबदल करने पर विचार कर रही है।