पवना प्रदूषण को लेकर पिंपरी मनपा को नोटिस

पिंपरी : समाचार ऑनलाईन – पवना नदी में घरेलू मैला पानी बिना प्रक्रिया के छोड़ने की जानकारी सामने आने के बाद महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने पिंपरी चिंचवड मनपा को नोटिस जारी की है। इसमें मनपा से पांच लाख की बैंक गारंटी मांगी गई है। हालांकि मनपा प्रशासन का दावा है कि उसने नदी प्रदूषण रोकने के लिए जरूरी उपाय किये हैं। साथ ही मनपा को ऐसी कोई नोटिस नहीं मिलने का स्पष्टीकरण भी दिया है।
फरवरी माह में पवना नदी के केजुबाई नहर में कई मछलियां मृत अवस्था में पाई गई थी। नालों से मैला व रसायन मिश्रित पानी सीधे नदी में छोड़ा जा रहा है और मछलियों की मौत के लिए यही बात जिम्मेदार है, यह शक जताया जा रहा था। इस पर प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने इस बाबत 27 फरवरी को मनपा को नोटिस जारी की थी। 7 मार्च को इसकी सुनवाई के बाद मनपा के पर्यावरण विभाग और प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारियों की टीम ने यहां संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इसमें पांच जगहों पर घरेलू मैला पानी सीधे नदी में छोड़ा जा रहा है, यह सामने आया था।
इस निरीक्षण के बाद प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने मनपा से सवाल उठाए थे कि मैला पानी नदी में सीधे न छोड़ा जा सके इसके लिए क्या उपाय किये गए हैं?  यह प्रदूषण रोकने के लिए किए जाने वाले उपाय योजनाओं की पूर्तता के लिए प्रदूषण नियंत्रण मंडल के प्रादेशिक अधिकारी प्रदीप खेडेकर ने मनपा को नोटिस जारी कर पांच लाख की बैंक गारंटी मांगी है। इस बारे में जब मनपा के सह शहर अभियंता मकरंद निकम से पूछा गया तो उन्होंने दावा किया कि, मैला पानी सीधे नदी में न छोड़ा जा सके इसके लिए मनपा ने उपाय योजना की है। प्रदूषण नियंत्रण मंडल से मनपा को कोई नोटिस नहीं मिली है, यह भी उन्होंने स्पष्ट किया है।