पुलिस ने बताया कि अशोक लक्ष्मण बिरादार (उम्र 32 वर्ष, निवासी सुसगांव, मूल निवासी कर्नाटक) हत्या हुए व्यक्ति का नाम है। अशोक की हत्या के आरोप में पुलिस ने लक्ष्मण खुटेकर (उम्र 30 वर्ष, निवासी ढोरेनगर, सांगवी) को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में गुरुबालाप्पा बिरादार ने शिकायत दर्ज कराई है।
शादीशुदा अशोक ड्राइवर था, जिसे एक लड़का है। लक्ष्मण के साथ उसकी जान-पहचान थी, जिसके कारण वह उसके घर आता-जाता था। इस बीच, लक्ष्मण की पत्नी से उसके अवैध संबंध बन गये। अशोक व अपनी पत्नी के बीच बने नाजायज रिश्ते की लक्ष्मण को भनक लग गई। इसके बाद उसने इसका विरोध किया और अशोक को भी समझाया कि वह पत्नी से दूर रहे। दो बच्चों की मां होने के बावजूद महिला के कदम इस कदर बहक गये थे कि उसने पति का कहना नहीं माना। इस बात को लेकर दोनों में अक्सर विवाद होता था।
इस दौरान लक्ष्मण को यह भी पता चला कि अशोक उसके घर आकर उसकी पत्नी से बदस्तूर मिल रहा है। इसके पश्चात वह घर पर नजर रखने लगा। मंगलवार रात अशोक सांगवी के ढोरेनगर पहुंचा और लक्ष्मण के घर में घुस गया। कुछ देर में लक्ष्मण भी वहां पहुंचा। अशोक को पत्नी के साथ देखकर उसकी आंखों में खून सवार हो गया। उसने पत्नी व अशोक से विवाद किया। इसी दौरान आगबबूला हो चुके लक्ष्मण ने तेजधार कोयते से अशोक पर वार कर दिये, जिसमें गंभीर रूप से जख्मी होने से उसकी मौत हो गई।