सरकार ने 1, 2, 5 और भी कई नए सिक्के किए जारी

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – सरकार ने कई नए सिक्के जारी किये है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली ने ये सिक्के जारी किए। ये सिक्के दृष्टिबाधितों की सुविधा को देखते हुए जारी किए गए हैं। जिसमें 1 रुपए, 2 रुपए, 5 रुपए, 10 रुपए और 20 रुपए के नए सिक्के जारी किए हैं। 20 रुपए के सिक्के के अलावा बाकि सिक्के गोलाकार होंगे। पहली बार 20 रुपए का सिक्का भी जारी किया गया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 20 रुपए का सिक्का 12 कोनों वाला होगा। ये सिक्का 8.54 ग्राम का होगा। वित्त मंत्रालय के एक नोटिफिकेशन में ये बात कही गई है। नए सिक्के में बाहर की रिंग पर 65 फीसदी तांबा, 15 फीसदी जिंक और 20 फीसदी निकेल होगा। वहीं अंदर की रिंग पर 75 फीसदी कॉपर, 20 फीसदी जिंक और 5 फीसदी निकेल होगा। सिक्कों की नई सीरीज के लॉन्च के मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि सरकार आखिरी पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहती है। नए सिक्कों को इसी हिसाब से बनाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, 20 रुपए के नए सिक्के में सामने अशोक पिलर होगा। इसमें सत्यमेव जयते लिखा होगा। इसके अलावा हिंदी में भारत और अंग्रेजी में इंडिया भी लिखा होगा। पीछे की तरफ सिक्के में बड़े अक्षरों में 20 लिखा होगा। इसके अलावा रुपए का नया चिन्ह भी होगा। अनाज देश में कृषि की प्रमुखता को दिखाने के लिए भी इसमें शामिल किया गया है।

नीचे की तरह सिक्के की छपाई का साल भी लिखा होगा। अभी 10 रुपए के सिक्के के कोनों पर चिन्ह हैं। ये 20 रुपए के सिक्के पर नहीं होंगे। रिजर्व बैंक ने 10 रुपए का सिक्का 10 साल पहले मार्च 2009 में जारी किया था। इसके बाद इस सिक्के में 13 बार बदलाव किया गया। इस कारण लोगों में अफवाह फैली कि 10 रुपए का सिक्का नकली है। हालांकि ये सिक्के बाजार में आने में अभी थोड़ा वक़्त लगेगा।