वैज्ञानिक ए.के. मोहंती बीएआरसी के निदेशक नियुक्त

  मुंबई, 12 मार्च (आईएएनएस)| प्रसिद्ध भौतिकशास्त्रीऔर वज्ञानिक ए.के. मोहंती को मंगलवार को भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बीएआरसी) का नया निदेशक नियुक्त किया गया। मोहंती पहले इस संस्थान के भौतिकी समूह के निदेशक थे। उन्होंने परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष और परमाणु ऊर्जा विभाग के सचिव के.एन. व्यास से यह जिम्मेदारी अपने हाथों में ली है।

मोहंती कोलकाता में साहा इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूक्लियर फिजिक्स के निदेशक भी हैं।

ओडिशा में 1959 में जन्मे मोहंती ने बारीपदा में एमपीसी कॉलेज से भौतिकी में अपना स्नातक पूरा किया और 1981 में कटक के रावेनशॉ कॉलेज से परास्नातक किया।

वह 1983 में बीएआरसी के प्रशिक्षण विद्यालय से डिग्री हासिल करने के बाद संस्थान के न्यूक्लियर फिजिक्स संभाग से जुड़ गए। मोहंती ने बाद में मुंबई विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की।

एक अधिकारी ने कहा कि बीएआरसी में 36 वर्षो के दौरान मोहंती ने न्यूक्लियर फिजिक्स के कई क्षेत्रों में काम किया।

वह मुंबई स्थित टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ फंडामेंटल रिसर्च(टीआईएफआर), अमेरिका में ब्रूकहेवन नेशनल लैबोरेटरी और जेनेवा में सीईआरएन में कई महत्वूर्ण प्रयोगों का हिस्सा रहे।

उन्हें इंडियन फिजिकल सोसायटी के ‘यंग साइंटिस्ट अवार्ड’, द इंडियन नेशनल साइंस एकेडेमी के ‘यंग फिजिसिस्ट अवार्ड’ और डीएई के ‘होमी भाभा साइंस एंड टेक्नोलॉजी पुरस्कार’ समेत अन्य पुरस्कारों से नवाजा गया।

उन्हें 2002-04 और 2010-11 में सीईआरएन साइंटिफिक एसोसिएट के सम्मान से भी नवाजा गया।

उनके पदभार ग्रहण करने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में उन्होंने भौतिकी समूह के अपने पूर्ववर्तियों के प्रति आभार जताया।

बीएआरसी के निदेशक के तौर पर, मोहंती ने कहा कि वह सामाजिक महत्व के क्षेत्र में केंद्र के कार्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।