भोपाल से भाजपा ने प्रज्ञा ठाकुर को उम्मीदवार बनाया (लीड-1)

 भोपाल, 17 अप्रैल (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश की भोपाल संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को बुधवार को पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर दिया।

 प्रज्ञा का मुकाबला पूर्व मुख्यमंत्री और भोपाल सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह से होगा। भाजपा ने राज्य की तीन अन्य सीटों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की तरफ से जारी बयान के अनुसार, साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को भोपाल संसदीय सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा भाजपा ने गुना से के. पी. यादव, सागर से राजबहादुर सिंह और विदिशा से रामाकांत भार्गव को उम्मीदवार घोषित किया है।

इसके पहले प्रज्ञा ठाकुर बुधवार को भाजपा दफ्तर पहुंचीं और उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित पार्टी के कई नेता मौजूद थे।

प्रज्ञा ने इस मौके पर भोपाल से चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा, “भोपाल संसदीय क्षेत्र में दिग्विजय सिंह कोई चुनौती नहीं हैं। मेरा जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित है, लिहाजा जो जरूरी होगा उसे करूंगी।”

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने भोपाल से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को उम्मीदवार बनाया है। सिंह चुनाव प्रचार में पूरी तरह जुटे हुए हैं।

साध्वी प्रज्ञा सितंबर 2008 में हुए मालेगांव विस्फोट मामले में आरोपी हैं। इस विस्फोट में सात लोगों की मौत हो गई थी। प्रज्ञा इस मामले में नौ साल जेल में थीं और फिलहाल वह जमानत पर हैं।