अरुणाचल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की पहली सूची जारी

 नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी भाजपा ने रविवार को अरुणाचल विधानसभा चुनाव के लिए 54 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। यहां मतदान 11 अप्रैल को होना है।

  सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री पेमा खांडू तवांग जिले की मुकतो सीट से चुनाव लड़ेंगे और वित्तमंत्री चौना मीन चौखमा सीट से उम्मीदवार होंगे।

कांग्रेस के नबाम तुकी के इस्तीफा देने और राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद 2016 में खांडू मुख्यमंत्री बने थे।

खांडू 2011 में मुकतो सीट के लिए हुए उपचुनाव के जरिए कांग्रेस के टिकट पर पहली बार विधानसभा पहुंचे थे। पूर्व मुख्यमंत्री दोरजी खांडू के बेटे पेमा खांडू उसी सीट से 2014 में निर्विरोध निर्वाचित हुए।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने शनिवार को एक मैराथन बैठक में उम्मीदवारों का चयन किया था।